अश्रुत तत्क्षण

दिल्ली में सेहत के लिए अनोखा सफाई अभियान

अश्रुत पूर्वा II

नई दिल्ली। राजधानी के चिकित्सकों, अभियंताओं, व्यावसायियों और गणमान्य लोगों की संस्था ‘एन इनिसियेटिव एवं हेल्थ एजुकेशन आर्ट लाइफ फाउंडेशन’ (हील) के संयुक्त तत्वाधान में दिल्ली के सार्वजनिक स्थलों साफ सफाई रखने के लिए लोगों को प्रेरित करने का महत्वाकांक्षी अभियान चलाया जा रहा है। यह लोगों का स्वास्थ्य सुरक्षित रखने के लिए अनोखा अभियान है। इसे दिल्ली के लोग बहुत पसंद कर रहे हैं। ‘एन इनिसियेटिव’ के संयोजक और दंत चिकित्सा विशेषज्ञ ज्ञान सिंह के अनुसार अपने आस-पड़ोस और परिवेश को साफ रखने के इस अभियान में दिल्ली के प्रसिद्ध चिकित्सकों और प्रतिष्ठित नागरिकों के साथ महिलाएं और बच्चे भी काफी रुचि ले रहे हैं। इसके पीछे दिल्ली को स्वस्थ रखने का संकल्प है।
इस अभियान में शामिल चिकित्सक सप्ताहांत व सार्वजनिक छुट्टियों के दिन महत्त्वपूर्ण स्थलों जैसे इंडिया गेट, लाल किला, कुतुब मीनार, लोटस टेम्पल आदि जगहों पर (जहां बड़े पैमाने पर लोग पिकनिक मनाने आते हैं) सफाई का व्यावहारिक संदेश फैला रहे हैं। वहां लोगों में साफ-सफाई रखने एवं सार्वजनिक जगहों को गंदा न करने तथा अपना कूड़ा एक थैली में डाल कर डस्टबिन में ही फेंकने को प्रेरित करते हैं। डा. ज्ञान सिंह बताते हैं कि प्रत्येक कार्यकर्ता अपने साथ एक डस्टर कैचर, सैनिटाइजर, दास्ताने और कूड़ा रखने के लिए थैली आदि लेकर आते हैं। जहां भी लोग बैठकर पिकनिक मना रहे होते हैं उन्हें कूड़ा जमा करने के लिए थैली बाांटते हैं। उनसे निवेदन करते हैं कि वे इन जगहों पर साफ सफाई का स्वयं इंतजाम करें एवं कूड़े को इसी बैग में डाल कर कूड़ेदान में पहुंचा दें।

यह अभियान पिछले हफ़्ते से आम लोगों में चर्चा का विषय बना हुआ है। रमेश नगर के सरदार कुलदीप सिंह पहली बार इस अभियान में शामिल हुए। वे अपने घर से कड़ा प्रसाद बना कर लाए और इंडिया गेट पर सफाई अभियान के बाद लोगों में वितरित किया। सरदार कुलदीप सिंह का कहना है कि इस काम में उन्हें इतना आनंद आया कि वे हर हफ़्ते ऐसा करना चाहते हैं। राम मनोहर लोहिया अस्पताल में दंत रोग विभाग के अध्यक्ष डा. गौतम इस अभियान में शामिल होकर गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने इस अभियान को नियमित चलाने की सलाह दी और वादा किया कि वे स्वयं इस अभियान में शामिल होते रहेंगे। दिल्ली की समाजसेवी रत्ना माहेश्वरी इसे एक बहुत जरूरी अभियान बताती हैं।
जानी मानी संस्था लिविंग ट्रेजर के सरदार वीर भूपिंदर सिंह (जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रेरणादायी उद्बोधन के लिए जाने जाते हैं) भी इस अभियान का हिस्सा हैं। वे कहते हैं सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं और यदि सेवा मानव तथा पृथ्वी की रक्षा के लिए हो तो इससे बढ़िया कुछ भी नहीं एन इनिसियेटिव और हील के संयुक्त तत्वाधान में चलाए जा रहे इस ‘साफ रहें सफाई करें, अपनी धरती को सुंदर बनाएं’ अभियान में छोटे बच्चे भी बढ़ चढ़ कर भाग ले रहे हैं।
दस साल की कयाना सदाना अपने पिता के साथ इस अभियान में शामिल होती हैं। इस बच्ची का संदेश है कि हम बच्चे भी बड़ों से कम नहीं हैं। हम सब मिल कर समाज और देश को साफ रख सकते हैं। हील के संस्थापक और राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त होमियोपैथिक चिकित्सक डा. एके अरुण कहते हैं कि भारत में सफाई अभियान की सबसे ज्यादा जरूरत है क्योंकि तमाम विकास के बावजूद हम साफ सफाई में बहुत पीछे हैं। उनका कहना है कि अपने मन में यदि हम सफाई को श्रेष्ठ स्तर पर बिठा लें तो हमारा देश स्वस्थ और सुंदर बन सकता है।

इस अभियान में शामिल चिकित्सक सप्ताहांत व सार्वजनिक छुट्टियों के दिन महत्त्वपूर्ण स्थलों जैसे इंडिया गेट, लाल किला, कुतुब मीनार, लोटस टेम्पल आदि जगहों पर सफाई का व्यावहारिक संदेश फैला रहे हैं। इसके पीछे दिल्ली को स्वस्थ रखने का भी संकल्प है। 

About the author

ashrutpurva

error: Content is protected !!