अश्रुत तत्क्षण

रंगकर्मी राजेश शर्मा और प्रियंका को मिलेगा वीरेंद्र नारायण सम्मान

अश्रुत पूर्वा II

नई दिल्ली। प्रसिद्ध रंगकर्मी राजेश सिंह को वीरेंद्र नारायण जन्मशती सम्मान दिया जाएगा। इसी के साथ अभिनेत्री प्रियंका शर्मा को भी यह सम्मान देने की घोषणा की गई है। राजेश सिंह राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय रंगमंडल के प्रमुख हैं। इन दोनों को समकालीन रंगमंच में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मान दिया जा रहा है।
वीरेंद्र नारायण जन्मशती समारोह समिति की ओर से यह जानकारी दी गई है। समिति के मुताबिक इन दोनों ही युवा रंगकर्मियों को 16 नवंबर को दिल्ली में एक समारोह आयोजित कर सम्मानित किया जाएगा। बता दें कि वीरेंद्र नारायण रंगकर्मी और नाट्य आलोचक होने के साथ प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी भी थे। उन्होंने करीब 20 नाटक लिखे थे।
साल 1923 में 16 नवंबर को भागलपुर में जन्मे वीरेंद्र नारायण पत्रकार, नाटककार, अभिनेता और निर्देशक भी थे। वे भारत छोड़ो आंदोलन में फणीश्वर नाथ रेणु और सतीनाथ भादुड़ी के साथ भागलपुर जेल में बंद रहे। वीरेंद्र नारायण जयप्रकाश नारायण के भी सहयोगी थे। वे जनता अखबार में लंबे समय तक सहायक संपादक रहे। इसके अलावा नई धारा पत्रिका में भी वरिष्ठ पद पर रहे।
वीरेंद्र नारायण सम्मान के तहत 11 हजार रपए की राशि के अलावा प्रतीक चिह्न और प्रशस्ति पत्र दिया जाता है। इन रंगकर्मियों का चयन एक निर्णायक समिति ने किया। इस समिति में रंग समीक्षक और पत्रकार रवींद्र त्रिपाठी, वरिष्ठ पत्रकार और संस्कृतिकर्मी अरविंद कुमार तथा  विख्यात वास्तुकार विजय नारायण शामिल थे। राजेश और प्रियंका को यह सम्मान लेखक और मशहूर संस्कृतिकर्मी अशोक वाजपेयी प्रदान करेंगे।

About the author

ashrutpurva

error: Content is protected !!