अश्रुत तत्क्षण

युवा साहित्यकारों को विष्णु प्रभाकर सम्मान

साहित्य डेस्क II

नई दिल्ली। विष्णु प्रभाकर राष्ट्रीय और प्रोत्साहन सम्मान की घोषणा कर दी गई है। विख्यात साहित्यकार विष्णु प्रभाकर की कालजयी कृति ‘आवारा मसीहा’ के 50 साल पूरे होने पर साहित्य के क्षेत्र में अधिक सक्रिय और अपनी एक खास पहचान कायम करने वाले युवा साहित्यकारों को इस साल का विष्णु प्रभाकर स्मृति राष्ट्रीय सम्मान दिया जाएगा। इस सम्मान के लिए जिन्हें चुना गया है, उनमें सिनीवाली शर्मा, संजय शेफर्ड और विनय विक्रम शामिल हैं।
पत्रकारिता के लिए जनसत्ता की पत्रकार मृणाल वल्लरी को यह सम्मान दिया जा रहा है। वे इससे पहले प्रभात खबर और दैनिक हिंदुस्तान से भी जुड़ी रही हैं। साहित्य और सरोकार की पत्रकारिता में उनका नाम अग्रणी है। इसी के साथ शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वालीं सुमन शर्मा, महिला सशक्तीकरण के लिए पुष्पा तथा संगीत एवं गायन के क्षेत्र में चर्चित राजेश सिंह नेगी का चयन किया गया है। जबकि अंतरराष्ट्रीय ख्याति के गांधीवादी विचारक और लेखक राम मोहन राय को विशेष सम्मान के लिए चुना गया है।
साहित्यकार एवं विष्णु प्रभाकर प्रतिष्ठान के मंत्री अतुल कुमार प्रभाकर ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विष्णु प्रभाकर स्मृति प्रोत्साहन राष्ट्रीय सम्मान के लिए चुनी गई सभी हस्तियों को यह सम्मान गांधी हिंदुस्तानी साहित्य सभा तथा विष्णु प्रभाकर प्रतिष्ठान के साझे प्रयास से पिछले दस सालों से निरंतर सक्रिय सन्निधि संगोष्ठी की ओर से 30 जून को नई दिल्ली में आयोजित समारोह में दिया जाएगा। इसी दिन विष्णु प्रभाकर की जयंती भी है।

About the author

ashrutpurva

error: Content is protected !!