अश्रुत तत्क्षण

मध्य प्रदेश साहित्य अकादमी के पुरस्कारों की घोषणा

अश्रुतपूर्वा II

नई दिल्ली। मध्यप्रदेश संस्कृति विभाग की साहित्य अकादमी ने 2019 के कृति पुरस्कारों की घोषणा कर दी है। इनमें 13 अखिल भारतीय जबकि 15 प्रादेशिक कृति पुरस्कार हैं। मध्यप्रदेश जनसंपर्क विभाग ने बताया है कि अखिल भारतीय पुरस्कार में रचनाकार को एक लाख रुपए और प्रादेशिक पुरस्कार में प्रति रचनाकार को 51,000 रुपए के साथ शॉल, श्रीफल, स्मृति-चिह्न और प्रशस्ति के साथ सम्मानित किया जाता है।
अखिल भारतीय पंडित माखनलाल चतुर्वेदी (निबंध) पुरस्कार डॉ. मनोज पाण्डेय, नागपुर की कृति ‘आलोचना के नए परिप्रेक्ष्य’ को दिया गया है, जबकि अखिल भारतीय गजानन माधव मुक्तिबोध (कहानी) पुरस्कार सच्चिदानंद जोशी, दिल्ली की कृति ‘पल भर की पहचान’ को दिया गया है। अखिल भारतीय राजा वीरसिंह देव (उपन्यास) पुरस्कार प्रोफेसर मनीषा शर्मा, अमरकंटक की कृति-‘ये इश्क…’ को, अखिल भारतीय आचार्य रामचंद्र शुक्ल (आलोचना) पुरस्कार डॉ. कविता भट्ट, उत्तराखंड की कृति ‘भारतीय साहित्य में जीवन मूल्य’ को, अखिल भारतीय पंडित भवानी प्रसाद मिश्र (गीत एवं हिंदी गजल) पुरस्कार डॉ. आरपी सारस्वत, सहारनपुर की कृति ‘तुम बिन को’ और अखिल भारतीय अटल बिहारी वाजपेयी (कविता) पुरस्कार डॉ. इंदु राव, हरियाणा की कृति ‘छांह संस्कृति की’ को दिया गया है।

अखिल भारतीय पुरस्कार में रचनाकार को एक लाख रुपए और प्रादेशिक पुरस्कार में प्रति रचनाकार को 51,000 रुपए के साथ शॉल, श्रीफल, स्मृति-चिह्न और प्रशस्ति के साथ सम्मानित किया जाता है।

इसके अलावा, अखिल भारतीय कुबेरनाथ राय (ललित निबंध) पुरस्कार राजेश जैन, दिल्ली की कृति ‘ईश्वर की आत्मकथा’ को, अखिल भारतीय विष्णु प्रभाकर (आत्मकथा जीवनी) पुरस्कार डॉ. कुलदीप चंद अग्निहोत्री, मोहाली की कृति ‘श्री गुरु नानक देवजी’ को, अखिल भारतीय निर्मल वर्मा (संस्मरण) प्रो. सूर्यप्रकाश चतुर्वेदी, इंदौर की कृति बदलती हवाएं को, अखिल भारतीय महादेवी वर्मा (रेखाचित्र) पुरस्कार प्रशांत पोल, जबलपुर की कृति ‘वे पंद्रह दिन’ को, अखिल भारतीय प्रोफेसर विष्णुकांत शास्त्री (यात्रा-वृत्तांत) पुरस्कार डॉ. सुधा गुप्ता ‘अमृता’, कटनी की कृति ‘चलें भ्र्रमण की ओर’ को, अखिल भारतीय भारतेन्दु हरिश्चन्द्र (अनुवाद) पुरस्कार संतोष रंजन, भोपाल की कृति ‘थेल्मा मेरी कोरिली’ को और अखिल भारतीय नारद मुनि (फेसबुक/ब्लाग /नेट) पुरस्कार अजय जैन ‘विकल्प’, इंदौर को उनके पेज फेसबुक/ब्लॉग/नेट को दिया गया है।
इन 13 अखिल भारतीय कृति पुरस्कारों के अलावा 15 प्रादेशिक कृति पुरस्कारों की घोषणा भी की गई है, जिनमें वृन्दावन लाल वर्मा (उपन्यास) पुरस्कार डॉ. अश्विनी कुमार दुबे, इंदौर की कृति ‘किसी शहर में’ और सुभद्रा कुमारी चौहान (कहानी) डॉ. गरिमा संजय दुबे, इंदौर की कृति ‘दो ध्रुवों के बीच की आस’ शामिल हैं। (यह समाचार मीडिया में आई खबरों पर आधारित)

About the author

ashrutpurva

error: Content is protected !!