अश्रुत तत्क्षण

क्षमा शर्मा को साहित्य अकादेमी का बाल साहित्य पुरस्कार

अश्रुत पूर्वा संवाददाता II

नई दिल्ली, 24 अगस्त। साहित्य अकादेमी ने हिंदी के लिए क्षमा शर्मा को बाल साहित्य पुरस्कार 2022 देने की घोषणा की है। उनके अलावा उर्दू के लिए जफर कलामी और अंग्रेजी के लिए अर्शिया सत्तार सहित 22 भाषाओं के लेखकों-लेखिकाओं को साहित्य अकादेमी का बाल साहित्य पुरस्कार 2022 देने का एलान किया गया है। अकादेमी के सचिव के श्रीनिवास राव ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया, साहित्य अकादेमी के अध्यक्ष डॉ. चंद्रशेखर कंबार की अध्यक्षता में कार्यकारी मंडल की 24 अगस्त को बैठक हुई। इस बैठक में 22 भाषाओं के लेखकों के नाम साहित्य अकादेमी बाल साहित्य पुरस्कार 2022 के लिए अनुमोदित किए गए।  

हिंदी में लेखिका शर्मा को ‘क्षमा शर्मा की चुनिंदा बाल कहानियां’ के लिए प्रतिष्ठित बाल साहित्य पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। साहित्यकार-पत्रकार क्षमा शर्मा बाल मनोविज्ञान और स्त्री विमर्श के अलावा सामाजिक सरोकार पर बड़ी बेकाकी से लिखती हैं। उनका बाल लेखन चर्चित रहा है। बाल पत्रिका नंदन में उन्होंने 37 साल तक कार्य किया। वे इस पत्रिका की संपादक भी रहीं।

  • मनोविज्ञान और स्त्री विमर्श के अलावा सामाजिक सरोकार पर बड़ी बेकाकी से लिखती हैं। उनका बाल लेखन चर्चित रहा है। बाल पत्रिका नंदन में उन्होंने 37 साल तक कार्य किया। वे इस पत्रिका की संपादक भी रहीं।

राव ने बताया कि उर्दू में कमाली को उनके कविता संग्रह ‘हौसलों की उड़ान’ और अंग्रेजी में अर्शिया सत्तार को उनके ‘महाभारत फॉर चिल्ड्रन’ के लिए  सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि संस्कृत में कुलदीप शर्मा को उनके काव्य संग्रह ‘सचित्र प्रहेलिकाशतक’ (अभिनवसंस्कृतप्रहेलिका:) के लिए, राजस्थानी में विश्वामित्र दाधीच को उनके कविता संग्रह ‘माछलयां रा आंसू’ के लिए और बांग्ला में जय मित्र को उनके कहानी संग्रह ‘चार पांच जोन बोंधु’ के लिए सम्मानित किया जाएगा।

मराठी में संगीता बर्वे को उनके उपन्यास ‘पियूची वही’ के लिए सम्मानित किया जाएगा। इन पुस्तकों को त्रिसदस्यीय निर्णायक मंडल ने निर्धारित चयन प्रक्रिया का पालन करते हुए पुरस्कार के लिए चुना है। अकादेमी के सचिव ने बताया कि पंजाबी भाषा में इस साल पुरस्कार नहीं दिया जा रहा है। संथाली भाषा में पुरस्कार की घोषणा बाद में की जाएगी।

साहित्य अकादेमी के सचिव के मुताबिक, पुरस्कार के लिए एक जनवरी 2016 से 31 दिसंबर 2020 के बीच पहली बार प्रकाशित हुई पुस्तकों पर विचार किया गया है। पुरस्कार के लिए चयनित लेखकों को इस साल 14 नवंबर को आयोजित एक कार्यक्रम में पुरस्कृत किया जाएगा। उन्हें पुरस्कार स्वरूप एक उत्कीर्ण ताम्रफलक और पचास हजार रुपए की राशि दी जाएगी।

About the author

ashrutpurva

error: Content is protected !!