अश्रुत पूर्वा II
नई दिल्ली। जी हां, अब लेखक भी हड़ताल करने लगे हैं। मगर यह हड़ताल भारत में नहीं हॉलिवुड में हो रही है। लॉस ऐंजिलिस से आ रही खबरों के मुताबिक हॉलिवुड के कलाकार और लेखक हड़ताल पर चले गए हैं। तिरसठ साल में यह पहली बार ऐसा हुआ है। इस हड़ताल से फिल्मों और टीवी प्रोडक्शन का पूरा कार्य बंद हो गया है।
एक लाख 60 कलाकारों का नेतृत्व करने वाली संस्था यानी स्क्रीन एक्टर गिल्ड ने कहा कि मेहनाताना कम मिल रहा है। इसके साथ ही कृत्रिम मेधा (एआई) से उनके काम को लेकर खतरा पैदा होने वाला है। इन सब मुद्दों को लेकर हमारी बातचीत हुई मगर बिना किसी समझौते के समाप्त हो गई है।
स्क्रीन एक्टर गिल्ड का कहना है कि इसी कारण लेखक और कलाकार हड़ताल पर गए हैं। खबरों के मुताबिक हड़ताल की वजह से देर रात प्रसारित होने वाले सैटरडे नाइट लाइव और टॉक शो बंद हो गए हैं। इसके साथ ही कई और शो भी बंद हो गए हैं। लिहाजा इनके लेखकों का कामकाज भी रुक गया है। बताते हैं कि इसके पहले साल 1960 में भी हॉलिवुड में हड़ताल हुई थी। उस समय भी इसी तरह कामकाज ठप हो गया था। तब उस समय स्क्रीन एक्टर्स के नेता रोनाल्ड रेगन थे।