अश्रुत तत्क्षण

युवाओं को इतिहास से जोड़ने के लिए बनें पुस्तकालय : शाह

अश्रुत पूर्वा डेस्क II

नई दिल्ली। युवाओं को देश के इतिहास, संस्कृति और भाषा से जोड़ने के लिए पुस्तकालयों का निर्माण किया जाना चाहिए। यह बात केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गांधीनगर में एक कार्यक्रम में कही। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि वे विद्यार्थियों को उनकी रुचि का ज्ञान अर्जित करने के लिए पुस्तकालय जाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि आज के युवा अंग्रेजी शब्दों का प्रयोग किए बिना 35 मिनट तक गुजराती में भाषण नहीं दे पाएंगे। क्योंकि वे अपनी मातृभाषा की समृद्धि से अवगत नहीं।
गृह मंत्री शाह 1857 के विद्रोह के दौरान स्वतंत्रता के लिए बलिदान देने वाले मनसा के 12 शहीदों  को श्रद्धांजलि देने के लिए बनाए गए समाउ शहीद स्मारक का उद्घाटन करने के बाद बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि युवाओं को राष्ट्र की भाषा और संस्कृति से जोड़ने के लिए पुस्तकालय बनाए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि मनसा के पुस्तकालय ने उन्हें अपने देश की संस्कृति, धर्म और भाषा को जानने और समझने का अवसर दिया। श्री शाह ने कहा कि इस पुस्तकालय में सात हजार किताबें थीं। उन्हें सूची में भागवत गो मंडल (इनसाइक्लोपीडिया आफ गुजरात) और गुजरात व्याकरण देख कर प्रसन्नता हुई।
श्री शाह ने कहा कि गुजरात में मंत्री रहते हुए उन्होंने  जिले में युवाओं के लिए अंग्रेजी भाषा का प्रयोग किए बिना 20 मिनट तक भाषण देने की प्रतियोगिता कराई थी। कोई भी ऐसा नहीं कर सका। उन्होंने कहा कि हमारे युवा अपने शब्द भंडार, समृद्ध भाषा और व्याकरण से अनजान हैं। (मीडिया में आई खबरों पर अधारित)

About the author

ashrutpurva

error: Content is protected !!