अश्रुतपूर्वा II
नई दिल्ली। ‘अंधेरे में बुद्ध’ लेकर गगन गिल फिर आई हैं। इस काव्य संग्रह के आठवें संस्करण का बीते दिनों पुस्तक मेले में लोर्कापण किया गया। साल 1983 में एक दिन लौटेगी लड़की कविता के प्रकाशित होते ही गगन गिल की कविताओं ने लोगों का ध्यान खींचा था। तब से अब तक इनकी रचना देश-विदेश के हिंदी साहित्य के अध्येताओं, पाठकों और आलोचकों के विमर्श का हिस्सा रही है। इसी कड़ी में आगे बढ़ते हुए इनका कविता संग्रह ‘अंधेरे में बुद्ध’ भी चर्चा में है।
प्रगति मैदान में लगे विश्व पुस्तक मेले में पुस्तकों के लोकार्पण का सिलसिला जारी है। इन दिनों वाणी प्रकाशन के साहित्य घर उत्सव में कई पुस्तकों के नए संस्करणों का लोकार्पण चल रहा है। पिछले दिनों लेखिका व शिक्षाविद् डॉ. लीना झा का भारतीय ज्ञानपीठ से प्रकाशित काव्य संग्रह ‘शिउली के फूल’ का दूसरा संस्करण, लेखक और संपादक सुंदर चन्द ठाकुर की फिटनेस के राज खोलती किताब ‘खुद से जीत’ का नया संस्करण, कवयित्री गगन गिल का कविता संग्रह ‘अंधेरे में बुद्ध’ का आठवें संस्करण का लोकार्पण हुआ।
लीना झा के काव्य संग्रह ‘शिउली का फूल’ का लोकार्पण हुआ। मंच का संचालन कर रहीं आॅल इंडिया रेडियो की अनीता ठाकुर ने कहा कि यह काव्य संग्रह महिलाओं की आंतरिक शक्ति को उजागर करता है। लीना झा ने काव्य संग्रह के शीर्षक ‘शिउली का फूल’ की सार्थकता व्यक्त करते हुए कहा कि एक स्त्री का व्यक्तित्व शिउली के फूल जैसा होता है। हर प्रकार की परिस्थितियों के अनुकूल विसंगति पर जीत हासिल कर जिजीविषा के साथ बने रहना एक स्त्री का मूल भाव है। जैसे शिउली के फूल, पत्ते, उसकी छाल सब कुछ किसी न किसी रूप में काम आता है जैसे एक स्त्री जिसे किसी भी रूप में ढाला जा सकता है ये स्त्री की खूबी होती है। लीना झा ने कविता के विषय में कहा कि कुछ कविताएं खुद मेरे पास आती हैं। अंत में लीना झा ने अपने काव्य संग्रह की एक कविता का पाठ भी किया।
कार्यक्रम के अगले चरण के क्रम में दक्षिण अफ्रीका में 90 किलोमीटर की विश्वविख्यात कॉमरेड मैराथन पूरी करने वाले भारत के एकमात्र लेखक की मैराथन दौड़ का रोमांचक सफर तय करने वाले सुंदर चन्द ठाकुर की फिटनेस के राज खोलती किताब खुद से जीत का लोकार्पण हुआ। ठाकुर ने पुस्तक के संदर्भ में बताया कि कैसे उन्होंने रविन्द्रनाथ ठाकुर को अपना गुरु मान कर लेखन की शुरूआत की। इसी के साथ सुंदर चंद ठाकुर ने दौड़ने और शारीरिक गतिविधियों के फायदे बताते हुए कहा कि दौड़ना आपके अंदर असीमित क्षमता भर देता है।
प्रगति मैदान में लगे विश्व पुस्तक मेले में पुस्तकों के लोकार्पण का सिलसिला जारी है। इन दिनों वाणी प्रकाशन के साहित्य घर उत्सव में कई पुस्तकों के नए संस्करणों का लोकार्पण चल रहा है। पिछले दिनों चर्चित कवयित्री गगन गिल के कविता संग्रह ‘अंधेरे में बुद्ध’ के आठवें संस्करण का लोकार्पण हुआ।