अश्रुत पूर्वा II
नई दिल्ली। हिंदी सिनेमा की बेहतरीन अभिनेत्री वहीदा रहमान को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सम्मानित किया। दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह में उनके अलावा कई अन्य कलाकारों को सम्मानित किया गया। इन पुरस्कारों की घोषणा पिछले महीने अगस्त में हुई थी।इस मौके पर राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि सिनेमा हमारे समाज का दस्तावेज है। उसे सुधारने का माध्यम भी है। उन्होंने कलाकारों से कहा कि आप लोग बदलाव के वाहक हैं। आप देश के लोगों को एक दूसरे से जोड़ते हैं। सिनेमा जागरूकता फैलाने और संवेदनशील बनाने का माध्यम है।
राष्ट्रपति ने अभिनेत्री वहीदा रहमान को बधाई देते हुए कहा कि मैं इनको दादा साहेब पुरस्कार से सम्मानित कर खुशी महसूस कर रही हूं। उन्होंने अपनी कला से और अपने व्यक्तित्व से फिल्म उद्योग में बड़ा मुकाम हासिल किया है। उन्होंने पूरी गरिमा और आत्मविश्वास के साथ मान कमाया है।
बता दें कि वहीदा रहमान भारतीय सिनेमा का सर्वोच्च सम्मान पाने वालीं आठवीं महिला कलाकार हैं। समारोह में उपस्थित वहीदा रहमान ने पुरस्कार ग्रहण करने के बाद इसे फिल्म जगत को समर्पित कर दिया। इस अवसर पर उन्होंने आभार जताते हुए कहा कि मैंने जो कुछ भी हासिल किया है वह इस फिल्म उद्योग की वजह से ही। यह सौभाग्य कि बात है कि उन्हें बड़े फिल्मकारों, लेखकों, संगीतकारों के साथ काम करने का अवसर मिला।
इस समारोह में गायिका श्रेया घोषाल, अभिनेत्री आलिया भट्ट, कृति सेनन और पल्लवी जोशी और अभिनेता अल्लू अर्जुन, पंकज त्रिपाठी और आर माधवन को भी सम्मानित किया गया। इस मौके पर गुजराती फिल्म ‘गांधी एंड कंपनी’ को सर्वश्रेष्ठ बाल फिल्म का पुरस्कार मिला। जबकि फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ को राष्ट्रीय एकता के लिए नरगिस दत्त पुरस्कार दिया गया। कृति सेनन सम्मानित होने के बाद बेहद प्रसन्न और भावुक नजर आईं।