छौंका तड़का (रसोई से)

होली पर बनाइए किशमिश और इलाइची वाली गुजिया

फोटो: साभार गूगल

अश्रुत पूर्वा II

गुजिया तैयार करने के लिए सामग्री

फोटो: साभार गूगल

मैदा- आधा किलो।
सूजी- दो सौ ग्राम
मावा- ढाई सौ ग्राम
पीसी हुई चीनी या बूरा- ढाई सौ ग्राम
सूखा मारियल-पचास ग्राम
सूखे मेवे-बादाम, काजू और किशमिश
इलाइची पाउडर-आधा चम्मच

विधि

रंगों का त्योहार होली बस आने ही वाली है। जरा सी ठंडक और थोड़ी चटख धूप के बीच होली खेलते लोगों को भांग और शीतल पेय तथा नमकीन के साथ गुजिया भी मिल जाए तो क्या ही कहना। इन दिनों हर घर में गुजिया की मांग बढ़ जाती है। मगर इसे बनाने का झंझट कौन मोल ले। इसी वजह से लोग इसे बाजार से खरीद लाते हैं। मगर जो स्वाद घर की बनी गुजिया में होती है, वह बाहर कहां। तो आइए घर वाली प्यारी-प्यारी मीठी सी गुजिया खुद ही बनाते हैं।

पहले हम गुजिया के लिए बेस बनाएंगे। इसके लिए सर्वप्रथम आधा किलो मैदे में दो सौ ग्राम शुद्ध घी अच्छे से मिला लें। अब इसमें थोड़ा थोड़ा पानी मिला कर सख्त मैदा गूंथ लें। ध्यान रखिए कि पानी थोड़ा-थोड़ा ही डालें। अब गुजिया के लिए हमारा बेस यानी मैदा तैयार है। इसे आधे घंटे के लिए ढक कर छोड़ दें।

अब चूल्हे पर कड़ाही चढ़ा दें। इसमें दो चम्मच शुद्ध घी डालें। जब यह पिघल कर गरम हो जाए तो इसमें दो सौ ग्राम सूजी डाल कर लगातार चलाते हुए भूनें। जब यह ब्राऊन कलर का दिखने लगे, तो कड़ाही उतार लें और सूजी को बाउल में रख लें। अब कड़ाही में थोड़ा ड्राईफ्रूट्स (किशमिश को छोड़ कर, क्योंकि इसे बाद में डालना है) रोस्ट कर लें। अब इसे भूनी हुई सूजी के साथ मिला लें। इसके बाद कद्दूकस किया हुआ सूखा नारियल भून लें। इन सभी को बाउल में मिला लें। अब इसमें मावा डाल कर थोड़ा सा भून लें।

फोटो: साभार गूगल

गुजिया तैयार करने से पहले बाउल में तैयार सूजी में 250 ग्राम पीसी हुई चीनी या अपनी पसंद अनुसार बूरा मिला लें। इसे अच्छी तरह मिक्स करें। इन सारी चीजों को मिलाने के बाद अब गुजिया के लिए आपका भरावन तैयार है।

अब गूंथ कर रखे मैदे की छोटी-छोटी लोई तैयार कर उसे पूरी की तरह बेल लें। उसमें सूजी का भरावन उचित मात्रा में डाल कर इसे बंद करें और इसे गुजिया का आकार दें। और मनचाहा आकार दें। अब फोर्क या कांटे से इसे बंद करें। इससे आपकी पसंद का डिजाइन भी तैयार हो जाएगा। इस तरह सारी गुजिया बना लें।

इसके बाद कड़ाही में शुद्ध घी डाल कर गरम करें। आप चाहें तो अच्छा रिफाइंड तेल या डालडा भी प्रयोग में ला सकती हैं। घी तेज गरम होने पर चार-छह गुजिया बारी-बारी से सुनहरा होने तक तलें। आप इसे चाशनी में डाल कर डिप भी कर सकती हैं या फिर इसी तरह प्रयोग में ला सकती हैं। आपकी मीठी गुजिया तैयार है।

(शेफ ईशा से बातचीत के आधार पर तैयार व्यंजन)

About the author

ashrutpurva

Leave a Comment

error: Content is protected !!