पूजा त्रिपाठी II
बारिश के दिनों में गांवों की पगडंडियों पर और पार्कों में सड़कों के किनारे जामुन की बहार आ जाती है। पेड़ से टपके जामुन पूरे रास्ते को जामुनी बना देते हैं। रसीले जामुन के प्यारे रंग और उसकी सुुगंध का क्या कहना। कई औषधियों से परिपूर्ण यह फल कई रोगों से छुटकारा दिलाता है। आप समझ सकते हैं कि जामुन को ‘देवताओं का फल’ क्यों कहा जाता है।
जामुन में विटामिन सी, प्रोटीन, कैल्शियम, विटामिन बी-6 और विटामिन ए समेत कई पोषक तत्व पाए जाते हैं। गर्मियों में हाईड्रेटेड रहने के लिए लिए ताजे फल और हरी सब्जियों का सेवन करना चाहिए। इनमें कई तरह के पोषक तत्व पाए जाते हैं जो शरीर को स्वस्थ रखते हैं, मगर जामुन तो कमाल का फायदा पहुंचाते हैं। आइए आपको जामुन के फायदे बताएं।
जामुन के नियमित सेवन से दिल स्वस्थ रहता है। क्योंकि इसमें प्रचुर मात्रा में पोटेशियम पाया जाता है, जो दिल की धड़कन को सामान्य बनाए रखने में मदद करता है। जामुन के सेवन से दिल के दौरे का खतरा कम होता है। यही नहीं इसमें कैंसररोधी तत्व मौजूद रहते हैं। इसके नियमित सेवन से कोलोन कैंसर का जोखिम कम हो सकता है। जामुन में एंटीआक्सीडेंट्स मौजूद होते हैं, जो फ्री रेडिकल्स सेल्स से लड़ने में मदद करते हैं।
एक खास बात यह कि जामुन में भरपूर मात्रा में विटामिन सी होता है। इसके सेवन से रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है, जिससे आप कई तरह की बीमारियों से बचे रह सकते हैं। मधुमेह के मरीजों के लिए तो यह बेहद फायदेमंद है। जामुन में लो ग्लाइसेमिक कंटेंट पाया जाता है. जो कि ब्लड शुगर को उचित स्तर पर बनाए रखने में मदद करता है। आजकल कई लोगों को मधुमेह की समस्या होने लगी है। इसलिए जामुन का इस्तेमाल मुफीद है। यह फल त्वचा के लिए भी बहुत फायदेमंद है। इसके नियमित सेवन से त्वचा की चमक बढ़ती है। जामुन में एंटीआक्सीडेंट्स के साथ ही विटामिन सी भी मौजूद होता है, जो त्वचा के लिए लाभकारी है।
जामुन में आयरन भी भरपूर मात्रा में होता है। यह आपके हीमोग्लोबिन को दुरुस्त रखने में मदद करता है। जामुन में मौजूद आयरन ब्लड प्यूरीफायर का काम करता है। शरीर में हीमोग्लोबिन की मात्रा बढ़ने से आक्सीजन को वहन करने की क्षमता भी बढ़ जाती है। जामुन खाने का एक फायदा यह भी है कि आपके शरीर में खून की कमी नहीं होने पाती।
जामुन में पर्याप्त फाइबर होता है जबकि कैलोरी की मात्रा कम होती है। इसमें फास्फोरस, मैग्नीशियम और फोलिक एसिड भी पाया जाता है जो आपको स्वस्थ रखने में मदद करते हैं। जामुन वजन घटाने के लिए बेहतरीन फल है। इसके अलावा फाइबर से भरपूर फल होने की वजह से यह पाचन के लिए भी अच्छा है। तो समझिए जामुन खाने के फायदे ही फायदे हैं। यह आपके गुर्दे से दूषित तत्व को बाहर निकालता है और उल्टी को रोकने में मदद करता है। फाइबर पाचन में सुधार करता है और कब्ज को दूर करने में सहायक होता है।
जामुन में एंटी बैक्टीरियल, एंटी इंफेक्टिव और एंटी मलेरियल गुण होते हैं। यह आपको संक्रमण से बचने में मदद करते हैं। जामुन में मेलिक एसिड, गैलिक एसिड, टैनिन, आक्सालिक एसिड और बेटुलिनिक एसिड जैसे तत्व होते हैं। ये सभी तत्व शरीर में संक्रमण होने से बचाते हैं।
इसलिए जामुन को देवताओं का फल कहा जाता है। पोषक तत्वों से भरपूर यह फल शरीर को कई तरह से मदद करता है। जामुन को अपने दैनिक आहार में शामिल करना आपके शरीर के लिए चमत्कारी हो सकता है। इसमें कोई शक नहीं कि गर्मियों के सबसे अच्छे फलों में से जामुन एक है।